छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बंकेपारा आंगनवाड़ी केंद्र में आकाश छिकारा ने ‘वजन त्यौहार’ के तहत बच्चों के पोषण स्तर का लिया जायजा

,,बच्चों के बीच जमीन पर बैठे कलेक्टर,,

जगदलपुर, 12 फरवरी 2026। जब जिले का मुखिया स्वयं जनता के बीच पहुँचकर उनकी जरूरतों, समस्याओं और सरकारी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत देखता है, तो शासन-प्रशासन के प्रति भरोसा और मजबूत होता है। ऐसा ही एक प्रेरणादायी दृश्य गुरुवार को कोड़ेनार विकासखंड के बंकेपारा आंगनवाड़ी केंद्र में देखने को मिला, जहाँ कलेक्टर आकाश छिकारा ने केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री छिकारा ने प्रशासनिक औपचारिकताओं से आगे बढ़ते हुए एक अभिभावक की भूमिका में बच्चों के बीच समय बिताया। ‘वजन त्यौहार’ अभियान के तहत उन्होंने स्वयं बच्चों का वजन लिया, कद नापा और उनके पोषण स्तर की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कलेक्टर बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर उनसे आत्मीय संवाद करते नजर आए। उनके स्नेहिल व्यवहार से बच्चे बेहद उत्साहित दिखे। कलेक्टर द्वारा बच्चों को टॉफियां वितरित किए जाने से उनकी खुशी और भी बढ़ गई।

कलेक्टर का संवाद केवल बच्चों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने केंद्र में उपस्थित गर्भवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं से भी विस्तारपूर्वक चर्चा की। शासन द्वारा संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने हितग्राहियों से सीधा फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें नियमित रूप से योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री छिकारा ने उपस्थित अधिकारियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि पोषण आहार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों का बेहतर पोषण ही स्वस्थ समाज की नींव है और शासन की मंशा के अनुरूप इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, एसडीएम तोकापाल,नायब तहसीलदार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar