छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

“प्रशासन का जीरो टॉलरेंस”किसान की आड़ में अवैध धान खपाने की साजिश नाकाम,एसडीएम ने रंगे हाथों पकड़ा व्यापारी का खेल

“एसडीएम ने रंगे हाथों पकड़ा व्यापारी का खेल”


जगदलपुर, 29 दिसम्बर 2025/ बस्तर कलेक्टर  हरिस एस. के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन और फर्जी उपार्जन के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को बकावंड के अनुविभागीय दंडाधिकारी मनीष वर्मा ने धान उपार्जन केंद्र करपावंड में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने किसान और व्यापारी की मिलीभगत से किए जा रहे एक सुनियोजित फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि कृषक उपेन्द्र भारती पिता अर्जुन भारती के नाम पर जारी टोकन का दुरुपयोग कर व्यापारी द्वारा अवैध रूप से धान खपाने का प्रयास किया जा रहा था।
प्रशासनिक जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि कृषक उपेन्द्र भारती वर्तमान में आजीविका के सिलसिले में हैदराबाद में निवासरत हैं, जबकि उनकी कृषि भूमि पर खेती उनके भाई लखीधर भारती द्वारा की जा रही थी। लखीधर भारती ने अपनी वास्तविक उपज के लिए 182 क्विंटल का टोकन कटवाया था, जबकि खेत में वास्तविक उत्पादन मात्र 100 क्विंटल ही पाया गया। शेष 80 क्विंटल के अंतर का लाभ उठाने के उद्देश्य से व्यापारी राजेश गुप्ता द्वारा साजिश रची गई।
व्यापारी ने करपावंड मंडी से धान लोड कर दो वाहनों—क्रमांक सीजी 17 केवाय 7204 एवं सीजी 17 केजे 9389—के माध्यम से उपार्जन केंद्र भेजा और ड्राइवरों को कृषक उपेन्द्र भारती के टोकन की फोटोकॉपी सौंप दी।
मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर ड्राइवरों एवं किसान के भाई ने पूरे मामले की सच्चाई स्वीकार कर ली। इसके पश्चात एसडीएम मनीष वर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध धान से लदे दोनों वाहनों को जब्त कर थाना करपावंड के सुपुर्द कर दिया।
प्रशासन की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध धान बिचौलियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप धान उपार्जन में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar