छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को नई उड़ान, पदोन्नति, भर्ती और कर्मचारी कल्याण से मजबूत हुआ अकादमिक ढांचा

विशेष लेख

विष्णु प्रसाद वर्मा (सहायक संचालक)

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में व्यापक सुधारों की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर अकादमिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और कर्मचारी कल्याण को नई गति दी है। पदोन्नति, नई भर्ती, सेवा सुरक्षा, शोध प्रोत्साहन और वित्तीय लाभ जैसे कदमों से राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में ठोस पहल की गई है।

सरकार ने 362 सहायक प्राध्यापकों को प्रोफेसर पद पर पदोन्नत किया है। इसके अलावा 152 प्रोफेसरों को स्नातक प्राचार्य और 7 प्राचार्यों को स्नातकोत्तर (PG) प्राचार्य बनाया गया है। इससे महाविद्यालयों में शैक्षणिक नेतृत्व और प्रशासनिक दक्षता को मजबूती मिलेगी।

युवाओं के लिए सरकारी सेवा के अवसर बढ़ाते हुए 595 प्राध्यापक पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही 700 नए पदों को मंजूरी दी गई है, जिनमें 625 सहायक प्राध्यापक, 50 ग्रंथपाल और 25 क्रीड़ाधिकारी शामिल हैं।

राज्य में CG-SET 2026 का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। यह परीक्षा उच्च शिक्षा में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

तकनीकी संसाधनों को मजबूत करने के लिए 247 प्रयोगशाला तकनीशियनों और 399 प्रयोगशाला परिचारकों को नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं, जिससे महाविद्यालयों की प्रयोगशालाओं में व्यवहारिक शिक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

कर्मचारी हितों के तहत 72 सहायक प्राध्यापकों को 37.23 करोड़ रुपये के एरियर्स का भुगतान किया गया है। वहीं 935 नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त कर उन्हें सेवा सुरक्षा प्रदान की गई है।

शोध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 577 सहायक प्राध्यापकों को पीएचडी करने की अनुमति दी गई है। साथ ही 34 अनुकंपा नियुक्तियां प्रदान की गईं और 324 कर्मचारियों को उच्चतर समयमान वेतनमान का लाभ दिया गया है।

सरकार का मानना है कि नेतृत्व सुदृढ़ीकरण, नई भर्तियां, सेवा सुरक्षा, कर्मचारी कल्याण और शोध संवर्धन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों को भविष्य के ज्ञान और नवाचार केंद्रों के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar