
कांकेर,14 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। कांकेर जिले के नरहरपुर में कांग्रेस ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भूपेश नेताम ने अपने 100 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।
बताया जा रहा है कि करीब 20 दिन पहले भूपेश नेताम ने भाजपा से इस्तीफा दिया था। अब दिसंबर में प्रस्तावित नगर पंचायत चुनाव से पहले उनके कांग्रेस में शामिल होने को नरहरपुर की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों को गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने धान खरीदी, कथित वोट चोरी, युवाओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दे उठाए।
बघेल ने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है और दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर लोगों को न चना मिला और न ही शक्कर। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की अपील की।
कांग्रेस नेता की जेब से 30 हजार रुपये पार
कार्यक्रम के दौरान जेबकतरी की घटना भी सामने आई। कांग्रेस नेता नरेंद्र यादव की जेब से कथित तौर पर 30 हजार रुपये चोरी हो गए। घटना नरहरपुर के सुरही क्षेत्र में स्वागत कार्यक्रम के दौरान हुई। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरे ने वारदात को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के कार्यक्रम में भी कांग्रेस के बड़े नेता सहित कई लोगों की जेब कटने की शिकायत सामने आई थी।
फिलहाल, निकाय चुनाव से पहले भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 100 से अधिक लोगों का कांग्रेस में शामिल होना नरहरपुर की राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है। इसका आगामी चुनाव पर क्या असर पड़ेगा, यह देखने वाली बात होगी।




