कांकेर

कांकेर में 2 करोड़ का गांजा लावारिस मिला: तस्करों ने TI पर चढ़ाई कार, 30 किमी पीछा करने के बाद बोरियां फेंककर हुए फरार

कांकेर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे पुलिस अधिकारियों पर भी हमला करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। ताजा मामला कांकेर और केशकाल का है, जहां गांजा तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए थाना प्रभारी को कार से कुचलने की कोशिश की। करीब 30 किलोमीटर तक पुलिस और तस्करों के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा चला। इस दौरान टीआई के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि आरोपी गांजे की बोरियां फेंककर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही टाटा वैक्सीन पायलट गाड़ी को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर गाड़ी चढ़ा दी। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। घटना के बाद तस्कर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।

कचरे के ढेर में फेंक गए गांजे की बोरियां

पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने कांकेर के सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद दोनों वाहन अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। घटना के बाद केशकाल पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी भी ली, लेकिन कुछ नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने कचरे के ढेर में संदिग्ध बोरियां पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची और बोरियों की तलाशी ली। जांच में 400 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

पुराने रास्तों को तस्करी के लिए बना रहे नया कॉरिडोर

बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से गांजा लाने वाले तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही बड़ी बरामदगी से क्षेत्र में सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar