छत्तीसगढ़

डौंडी के लिमहाटोला गांव में सुबह पांच बजे हाइवा बनी आग का गोला, दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

बालोद,4 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सड़क किनारे खड़ी एक हाइवा में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान ड्राइवर गाड़ी के अंदर ही सो रहा था। आग की लपटें देखकर उसने तुरंत गाड़ी से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाने में सफल रहा। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी हाइवा जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना डौंडी थाना क्षेत्र के लिमहाटोला गांव की है। ड्राइवर ने अपनी हाइवा सड़क किनारे खड़ी की थी और रात में उसी के अंदर सो रहा था। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अचानक गाड़ी में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने बिना देर किए गाड़ी से बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

डायल 112 और डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और डौंडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुकी थी।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

फिलहाल हाइवा में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में ड्राइवर की जान बच गई, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar