मनोरंजन

अभिनेता इमरान खान को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत, भारत छोड़ने के नोटिस पर रोक, अब 2 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

एंटरटेनमेंट डेस्क,27 अक्टूबर 2026

मुंबई। अभिनेता इमरान खान को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें भारत छोड़ने के लिए जारी नोटिस पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक लगा दी है। इस मामले में अब 2 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे सुनवाई होगी। इमरान खान ने मुंबई पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) की ओर से जारी नोटिस को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

भारत छोड़ने के नोटिस को दी थी चुनौती

इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद अभिनेता ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। अपनी याचिका में उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का हवाला देते हुए नोटिस को मनमाना और गलत बताया। उनका दावा है कि यह नोटिस गलतफहमी के आधार पर और उचित कारण के बिना जारी किया गया है।

सुनवाई के दौरान अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) ने अदालत से मामले को सोमवार तक स्थगित करने का अनुरोध किया। साथ ही मौखिक आश्वासन दिया कि तब तक अभिनेता के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन में इमरान खान शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की मांग के समर्थन में आयोजित किया गया था। उस दौरान पुलिस ने इमरान खान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया था। हालांकि, उसी शाम उन्हें रिहा कर दिया गया था।

बाद में सामने आया कि इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है। इसके बाद विदेशी नागरिकों से जुड़े कानूनों के कथित उल्लंघन के आधार पर उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया। अभिनेता ने इस आदेश को अदालत में चुनौती दी है।

हिरासत से पहले इमरान खान ने क्या कहा था?

प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने से पहले इमरान खान ने कहा था कि उनकी कोई व्यक्तिगत मांग नहीं है और वह किसी संगठन का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं। उन्होंने अपनी मौजूदगी को एक नागरिक के तौर पर लोगों की आवाजाही और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े सवालों को समझने की कोशिश बताया था।

2015 के बाद फिल्मों से बनाई दूरी

इमरान खान ने अपने करियर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी। वर्ष 2008 में फिल्म ‘जाने तू… या जाने ना’ से उन्होंने बतौर मुख्य अभिनेता बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने ‘किडनैप’, ‘ब्रेक के बाद’, ‘एक मैं और एक तू’, ‘गोरी तेरे प्यार में’ और ‘कट्टी बट्टी’ जैसी फिल्मों में काम किया। वर्ष 2015 में रिलीज हुई ‘कट्टी बट्टी’ के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली थी।

फिलहाल, बॉम्बे हाईकोर्ट की अंतरिम रोक से इमरान खान को राहत मिली है। मामले में आगे का फैसला 2 नवंबर को होने वाली सुनवाई के बाद सामने आएगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar