पांच बैगा आदिवासी बच्चों की मौत से हड़कंप, कांग्रेस ने बनाई सात सदस्यीय जांच समिति, गांव जाकर करेगी पड़ताल

कबीरधाम,17 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बैगा आदिवासी बाहुल्य गांव नंदनी कुमान में कुछ महीनों के भीतर पांच बच्चों की मौत का मामला गंभीर होता जा रहा है। इस मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने घटना की जांच के लिए सात सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति प्रभावित गांव का दौरा कर मृत बच्चों के परिजनों, ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा करेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
इंद्रशाह मंडावी बनाए गए जांच समिति के संयोजक
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी पत्र के अनुसार, मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी को जांच समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में विधायक सावित्री मंडावी, जनक ध्रुव और हर्षिता स्वामी बघेल के अलावा पूर्व विधायक भानूप्रताप सिंह, ममता चंद्राकर और कवर्धा जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल को शामिल किया गया है।
कांग्रेस ने समिति के सदस्यों को जल्द से जल्द प्रभावित गांव का दौरा कर मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। समिति पीड़ित बैगा जनजाति के परिवारों, ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।
चार महीने में पांच बच्चों की मौत, 16 बच्चे अस्पताल में भर्ती
दरअसल, कवर्धा जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र के ग्राम नंदनी कुमान में पिछले कुछ महीनों के दौरान पांच बच्चों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा, गांव के करीब 16 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में भर्ती कराए जाने की बात भी सामने आई है।
लगातार बच्चों की मौत और कई बच्चों के बीमार होने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने किसी अज्ञात बीमारी की आशंका जताई है। हालांकि, बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों का अब तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। मौतों के कारणों की पुष्टि जांच और चिकित्सकीय जानकारी सामने आने के बाद ही हो सकेगी।




