बस्तर आएंगे राहुल गांधी, बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे मुलाकात, PCC चीफ दीपक बैज ने दी जानकारी

बस्तर,9 अक्टूबर 2026
कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं। उनका संभावित दौरा बस्तर की बोधघाट परियोजना से जुड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने इसकी जानकारी दी।
परियोजना प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे मुलाकात
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की आवाज उठाएगी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने अपने बस्तर दौरे के दौरान ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी हैं। अब राहुल गांधी जल्द ही बस्तर पहुंचकर परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर सकते हैं और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
बिजली खरीदी को लेकर सरकार पर निशाना
दीपक बैज ने उत्तर प्रदेश से बिजली खरीदने की तैयारी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बिजली का उत्पादन होने के बावजूद दूसरे राज्य से बिजली खरीदने की तैयारी की जा रही है। उनके अनुसार, इससे जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। उन्होंने बिजली की बढ़ती दरों और निजी कंपनियों को बिजली विभाग सौंपे जाने को लेकर भी सरकार की आलोचना की।
रेल मंत्री के दौरे पर भी उठाए सवाल
प्रदेश में ट्रेनों के संचालन में आ रही समस्याओं का हवाला देते हुए दीपक बैज ने रेल मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दौरा आम जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय उद्योगपतियों और कॉरपोरेट घरानों के हितों को साधने के लिए किया जा रहा है।




