कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद सुखदेव भगत का बड़ा बयान, कहा- जिम्मेदारी नहीं निभाने वाले होंगे रिप्लेस

रायपुर,28 सितंबर 2026
कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने संगठन में अनुशासन और जिम्मेदारियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से मिली जिम्मेदारी को ठीक से नहीं निभाने वाले पदाधिकारियों को रिप्लेस किया जाएगा। उन्होंने संगठन में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।
सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कार्यकारिणी और कनेक्ट सेंटर की बैठक हुई। बैठक में संगठन के कामकाज और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आने वाले दिनों में विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर भी विचार किया गया।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कांग्रेस के अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।
जिम्मेदारी नहीं निभाने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि अलग-अलग बैठकों में संगठन के कामकाज की समीक्षा की जा रही है। पार्टी के पदाधिकारियों से जुड़े डेटा की जानकारी ली जा रही है, जिसके आधार पर आगे समीक्षा होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो लोग पार्टी की ओर से मिली जिम्मेदारी को ठीक से नहीं निभा रहे हैं, उन्हें रिप्लेस किया जाएगा।
उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने के निर्देश दिए हैं।
सुखदेव भगत का पहला छत्तीसगढ़ दौरा
सचिन पायलट के बाद कांग्रेस आलाकमान ने सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। रविवार को रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे राजीव भवन पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके बाद पॉलिटिकल अफेयर कमेटी और विधायक दल की बैठक में शामिल हुए।
सोमवार को भी उन्होंने सुबह से लगातार संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया। दौरे के दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।




