छत्तीसगढ़बकावंड

बस्तर में बारिश का कहर: बस्तर-ओडिशा का संपर्क टूटा, धनपुर और बगिया में सड़क पर सैकड़ों वाहन फंसे

बकावंड,25 सितंबर 2026

बस्तर संभाग में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बारिश का सबसे ज्यादा असर सड़क यातायात पर पड़ा है। जगदलपुर से ओडिशा के उमरकोट को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग कई स्थानों पर पानी में डूब गया है, जिससे बस्तर और ओडिशा के बीच संपर्क बाधित हो गया है।

धनपुर डैम और बगिया के पास पुलिया पर 3 से 4 फीट पानी

जानकारी के अनुसार धनपुर डैम और बगिया नाला के पास निचली पुलिया के ऊपर से करीब 3 से 4 फीट पानी बह रहा है। पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है और पानी का बहाव तेज होने के कारण बड़े वाहनों का आवागमन भी प्रभावित है।

यह मार्ग जगदलपुर से बकावंड और धनपुर होते हुए ओडिशा के उमरकोट को जोड़ता है। सड़क पर पानी भरने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है। ट्रक, बस, छोटे वाहन और बाइक सवार रास्ते में फंसे हुए हैं। कई यात्रियों को रातभर सड़क पर रुकना पड़ा, जिससे उन्हें खाने-पीने समेत अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नदी-नाले उफान पर, कई गांवों का संपर्क बाधित

लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। बकावंड ब्लॉक की कई आंतरिक सड़कों पर भी पानी भर गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बाधित हुआ है। कई गांवों का संपर्क प्रभावित होने की जानकारी है। खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

स्थिति को देखते हुए करपावंड पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पानी का स्तर कम होने तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की भी सलाह दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के मौसम में हर साल धनपुर और बगिया के पास पानी भरने की समस्या सामने आती है। इस बार तीन दिनों की लगातार बारिश के कारण स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से धनपुर और बगिया की पुलिया को ऊंचा कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान बार-बार होने वाली यातायात समस्या से राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar