छत्तीसगढ़

गड़चिरौली में तंबाकू के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छापे में 22.50 लाख का माल जब्त; 4 आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गड़चिरौली जिले में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गट्टा पुलिस ने जांभलीझोरा गांव में छापेमारी कर प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू, पैकिंग मशीन और स्कॉर्पियो वाहन समेत कुल 22 लाख 50 हजार 230 रुपए का सामान जब्त किया है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मामले से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत जोहन कुजूर, साईनाथ कन्नाके, सचिन कन्नाके और अभिजित नान्हे के रूप में हुई है।

वहीं, मामले में प्रशांत याडवार के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस उपनिरीक्षक कर रहे जांच

कार्रवाई के बाद पुलिस ने जब्त सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपनिरीक्षक दयानंद भोंबे इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस अवैध तंबाकू कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar