खेल

IND vs PAK: भारत में होगी हॉकी की हाई-वोल्टेज भिड़ंत? 1 नवंबर को आमने-सामने होंगी भारत-पाकिस्तान की टीमें, जानें पूरा शेड्यूल

स्पोर्ट्स डेस्क,15 सितंबर 2026

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो और चर्चा न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। क्रिकेट के बाद अब हॉकी के मैदान पर दोनों पड़ोसी देशों की टीमें आमने-सामने आने वाली हैं। खास बात यह है कि इस बार यह मुकाबला भारतीय जमीन पर होने की संभावना है।

मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत 1 नवंबर को प्रस्तावित है। हालांकि, पाकिस्तान की टीम के भारत दौरे पर अंतिम फैसला वहां की सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।

27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होगा टूर्नामेंट

एशियन हॉकी फेडरेशन (AHF) की मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन पंजाब में किया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट की तारीखों की घोषणा की। प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलेगी।

टूर्नामेंट में मेजबान और मौजूदा चैंपियन भारत के अलावा पाकिस्तान, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीम के तौर पर रखा गया है।

अगर प्रतियोगिता में शामिल कोई टीम अपना नाम वापस लेती है, तो रिजर्व टीमों में से किसी एक को उसकी जगह शामिल किया जा सकता है।

जालंधर में लीग मुकाबले, मोहाली में सेमीफाइनल और फाइनल

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी के साथ लीग स्टेज के मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में होंगे। यहां ग्रुप स्टेज के मुकाबले 2 नवंबर तक खेले जाएंगे।

इसके बाद टूर्नामेंट का नॉकआउट चरण मोहाली में होगा। 4 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल, जबकि 5 नवंबर को फाइनल मुकाबला ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।

1 नवंबर को भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत प्रस्तावित

टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच होगा। दोनों टीमों के बीच मैच 1 नवंबर को प्रस्तावित है। हॉकी में दोनों देशों की पुरानी प्रतिद्वंद्विता को देखते हुए इस मुकाबले पर भारत-पाकिस्तान के साथ-साथ पूरे एशिया के हॉकी प्रशंसकों की नजर रहेगी।

हालांकि, पाकिस्तान की टीम के भारत आने को लेकर अभी सरकार की मंजूरी अहम है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने 14 सितंबर को कहा कि टीम का भारत दौरा सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फेडरेशन वही फैसला लेगा, जो पाकिस्तान सरकार की ओर से निर्देशित किया जाएगा।

भगवंत मान बोले- मल्टी नेशन टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खेलने से दिक्कत नहीं

पाकिस्तान के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खेलने से कोई दिक्कत नहीं है।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत-पाकिस्तान की द्विपक्षीय सीरीज का मामला अलग है और ऐसी सीरीज संभव नहीं हो सकती।

भारत की मौजूदा नीति के तहत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संपर्कों पर प्रतिबंध है। ऐसे में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में दोनों टीमों के आमने-सामने आने की संभावना ने मुकाबले को और खास बना दिया है।

भारत के पास लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का मौका

मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 2011 से किया जा रहा है। भारत इस टूर्नामेंट का सबसे सफल देश है और अब तक 5 बार खिताब जीत चुका है। भारतीय टीम पिछले दो संस्करणों की चैंपियन है।

ऐसे में भारत के पास इस बार लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का मौका होगा।

वहीं पाकिस्तान भी इस प्रतियोगिता की मजबूत टीम रही है और अब तक 3 बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है। ऐसे में अगर 1 नवंबर को भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत होती है, तो यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे बड़े आकर्षण में शामिल होगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar