छत्तीसगढ़

हुनरमंद युवा ही गढ़ेंगे स्वर्णिम भविष्य: नारायणपुर में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम का आयोजन

रायपुर, 05 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ विजन और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से नारायणपुर के ए.जी. ऑडिटोरियम में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ियों, दिव्यांगजनों, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थियों और आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं ने सहभागिता की।

युवा शक्ति से साकार होगा विकसित छत्तीसगढ़ का सपना

छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के रजत जयंती वर्ष में युवा शक्ति ही विकसित भारत 2047 और विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थी, राष्ट्रीय खिलाड़ी और कौशल विकास से जुड़ रहे युवा राज्य की प्रगति को नई दिशा दे रहे हैं। राज्य सरकार युवाओं के हुनर, शिक्षा और खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें हर संभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

हुनर और जिज्ञासा से बनेगी युवाओं की पहचान

राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपने हुनर, कौशल, जिज्ञासा और रचनात्मकता को लगातार विकसित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सही दिशा और मंच उपलब्ध कराना ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की सोच विकसित होगी।

विशेषज्ञों ने युवाओं को दिए सफलता के मंत्र

कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र में विशेषज्ञों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। डॉ. मीनाक्षी ठाकुर ने ‘युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ विषय पर विकसित भारत 2047, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।

डॉ. विश्वजीत ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विषयों के संवैधानिक एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी और ‘एक देश-एक चुनाव’ की महत्ता पर चर्चा की। वहीं डॉ. सतीश पाण्डेय ने प्रेरक कहानियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया।

मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में 94.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा भाविका देवांगन और 94 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कोविता कोर्राम को सम्मानित किया गया।

खेल के क्षेत्र में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के मलखंभ विजेता संताय पोटाई और मोनिका पोटाई, खेलो इंडिया फुटबॉल के उपविजेता शशिकांत कुमेटी और मनीष कोवाची, ऑल इंडिया खो-खो क्वालीफायर अमृता गोटा, नेशनल स्कूल गेम्स खो-खो विजेता शामुएल कल्लो और किशोर कावड़ो तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्या कांगे को खेल पुरस्कार से नवाजा गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar