छत्तीसगढ़जगदलपुर

दो साल की बच्ची के गले में फंसा सेफ्टी पिन, डॉक्टरों ने दूरबीन पद्धति से निकालकर बचाई जान

जगदलपुर,27 अगस्त 2026

बस्तर जिले के मावलीबेडा में एक दो साल की बच्ची के गले में सेफ्टी पिन फंसने का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची खेलते समय गलती से सेफ्टी पिन निगल गई, जो उसकी सांस की नली में जाकर फंस गया। इसके बाद बच्ची को अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी।

परिजन बच्ची की बिगड़ती हालत देखकर तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज डिमरापाल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सांस की नली में सेफ्टी पिन फंसे होने की पुष्टि की और बिना देरी किए उपचार शुरू किया।

दूरबीन पद्धति से निकाला सेफ्टी पिन

मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम ने दूरबीन पद्धति से सफलतापूर्वक सेफ्टी पिन बाहर निकाल दिया। समय पर उपचार मिलने से बच्ची की जान बच गई। प्रक्रिया के बाद बच्ची की हालत में सुधार बताया गया है।

छोटे बच्चों को लेकर डॉक्टरों ने दी सावधानी की सलाह

घटना के बाद डॉक्टरों ने अभिभावकों से छोटे बच्चों की लगातार निगरानी रखने की अपील की है। चिकित्सकों के मुताबिक बच्चों को खेलते समय सिक्के, छोटे खिलौने, पिन, बीज या अन्य छोटी वस्तुएं नहीं देनी चाहिए, जिन्हें वे गलती से निगल सकते हैं।

ऐसी वस्तुएं सांस की नली में फंसने पर गंभीर स्थिति पैदा कर सकती हैं और समय पर उपचार नहीं मिलने पर बच्चे की जान भी खतरे में पड़ सकती है। इसलिए अभिभावकों को बच्चों के आसपास मौजूद छोटी और आसानी से निगली जा सकने वाली वस्तुओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar