छत्तीसगढ़

बड़ांजी में 600 देसी चूजों की ब्रुडिंग शुरू, 25 महिला किसानों को मिलेगा स्वरोजगार का संबल

जगदलपुर, 25 अगस्त 2026

जिले के लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के बड़ांजी क्षेत्र में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आजीविका मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। आजीविका सेवा केंद्र लोहण्डीगुड़ा के तहत नोडल आईएफसी लक्ष्यदीप महिला क्लस्टर संगठन बड़ांजी में मुर्गीपालन योजना के प्रथम चरण की शुरुआत की गई।

ग्राम बड़ांजी की ब्रुडिंग इकाई में 600 देसी मुर्गी के चूजों की ब्रुडिंग का विधिवत शुभारंभ स्थानीय उद्यमी श्रीमती बसंती मांझी द्वारा किया गया। इस योजना से क्षेत्र की 25 चयनित महिला किसानों को सीधे जोड़ा गया है।

वैज्ञानिक तरीके से होगी चूजों की देखरेख

वर्तमान में सभी चूजों को 15 दिनों तक वैज्ञानिक ब्रुडिंग प्रक्रिया के तहत रखा गया है। इस दौरान उचित तापमान, संतुलित दाना-पानी और आवश्यक टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। चूजों की बेहतर देखभाल और मृत्यु दर को न्यूनतम रखने के लिए आईएफसी एंकर, सीनियर सीआरपी और पशु सखी द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

हर परिवार को मिलेंगे 50 स्वस्थ चूजे

15 दिनों की देखरेख पूरी होने के बाद प्रत्येक चयनित लाभार्थी परिवार को 50-50 स्वस्थ देसी चूजे वितरित किए जाएंगे। इससे महिला किसानों को घर पर ही स्थायी स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और उनकी पारिवारिक आय में वृद्धि की उम्मीद है।

यह पहल क्षेत्र की महिलाओं को आजीविका के नए साधन उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar