छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया पर घमासान: BJP के पूर्व विधायक ने उठाए सवाल, कांग्रेस ने भी मांगी जांच

जगदलपुर,22 अगस्त 2026

शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय (बस्तर विश्वविद्यालय) में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर चल रही शैक्षणिक भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर विवादों में घिर गई है। जगदलपुर के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता संतोष बाफना ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

संतोष बाफना का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय अभ्यर्थियों की जगह दूसरे प्रदेशों के आवेदकों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले 59 और फिर 162 शैक्षणिक पदों पर भर्ती की गई, लेकिन इस प्रक्रिया में UGC के नियमों का पालन नहीं किया गया।

पूर्व विधायक ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दावा-आपत्ति के लिए जारी सूची में केवल आवेदन नंबर दिए गए हैं। आवेदकों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं किए जाने से प्रक्रिया की पारदर्शिता संदेह के घेरे में है।

कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

भाजपा नेता के आरोपों के बीच कांग्रेस ने भी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार से मामले की जांच के लिए जांच समिति गठित करने की मांग की है।

कांग्रेस की ओर से यह भी कहा गया है कि इस मुद्दे को विधानसभा में कांग्रेस विधायक उठाएंगे। ऐसे में बस्तर विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया को लेकर सियासी विवाद और गहराने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar