छत्तीसगढ़

कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक में बड़ी कार्रवाई: प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, परीक्षा से 2 घंटे पहले WhatsApp पर वायरल हुआ था प्रश्नपत्र

रायपुर,22 अगस्त 2026

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के दूसरे सेमेस्टर की कीट विज्ञान परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में दुर्ग के एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बताया जा रहा है कि 20 अगस्त को आयोजित होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले WhatsApp पर वायरल हो गया था। मामले की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तत्काल परीक्षा रद्द कर दी

ई-मेल से शिकायत मिलने के बाद दर्ज हुई FIR

मामले में कवर्धा कॉलेज के अधिष्ठाता और बिलासपुर के एक कॉलेज की ओर से ई-मेल के माध्यम से शिकायत की गई थी। शिकायत मिलने के बाद रायपुर के तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पांच जिलों में पुलिस की छापेमारी

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में छापेमारी की। तकनीकी जांच और मोबाइल चैट के आधार पर पुलिस उस नेटवर्क तक पहुंची, जिसके माध्यम से प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाया गया था।

जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्र दुर्ग से कवर्धा के छात्रों तक पहुंचा, जिसके बाद इसे WhatsApp ग्रुप के जरिए अन्य विद्यार्थियों तक प्रसारित किया गया।

छात्रों से भी की जा रही पूछताछ

पुलिस इस मामले में कई छात्रों से भी पूछताछ कर रही है। कवर्धा के दो छात्रों को नोटिस जारी कर रायपुर बुलाया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रश्नपत्र किस स्तर से लीक हुआ और इसे आगे किन लोगों ने प्रसारित किया।

मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य जब्त

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र सबसे पहले किस मोबाइल से बाहर निकला और किन-किन नंबरों पर भेजा गया।

पुलिस पूरे पेपर लीक नेटवर्क के मूल स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar