
बकावंड,21 अगस्त 2026
ग्राम तोंगकोंगरा में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया है। एसडीएम नीतीश वर्मा के मार्गदर्शन एवं रुपेश मरकाम के निर्देशन में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि तोंगकोंगरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध तरीके से रेत उत्खनन और परिवहन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान दो जवानों ने रेत परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को पकड़ा, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई की खबर फैलते ही अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से नियमों को ताक पर रखकर रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। इससे शासन को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ नदी और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में राहत की भावना है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।




