
जगदलपुर,21 अगस्त 2026
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर ओबीसी महासभा की संभाग स्तरीय कैडर मीटिंग 23 अगस्त को जगदलपुर में आयोजित की जाएगी। यह महत्वपूर्ण बैठक प्रातः 11 बजे कृष्णा मंदिर, समुद्र चौक, जगदलपुर में होगी।
ओबीसी महासभा के संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु ने बताया कि बैठक में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इनमें बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और भानुप्रतापपुर क्षेत्र के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि सभी जिला अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों से कम से कम 20-20 सक्रिय पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें।
बैठक में सामाजिक एकता को मजबूत करने, संगठन के विस्तार, युवाओं की शैक्षणिक उन्नति, आर्थिक सशक्तिकरण और ओबीसी वर्ग के संवैधानिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा की जाएगी। साथ ही इन विषयों पर आगे की रणनीति और कार्ययोजना भी तय की जाएगी।
संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु ने बस्तर संभाग के अंतर्गत आने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग के सभी समाजों के प्रमुखों, युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों और कार्यकर्ताओं से 23 अगस्त को आयोजित इस कैडर मीटिंग में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया है।




