छत्तीसगढ़ में तंबाकू पर शिकंजा कसने की तैयारी, बनेगा तंबाकू मुक्त राज्य; कानून के सख्त पालन पर जोर

रायपुर,14 अगस्त 2026
तंबाकू सेवन पर रोक लगाने और इसके दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने के लिए छत्तीसगढ़ में अब कानून के सख्त क्रियान्वयन के साथ जनभागीदारी और बहुक्षेत्रीय समन्वय पर जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के तहत स्वास्थ्य भवन, नवा रायपुर में एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (COTPA) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों और संबंधित विभागों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता स्वास्थ्य सेवाओं की अपर संचालक इंद्रजीत बर्मन ने की।
नाबालिगों तक तंबाकू की पहुंच रोकने पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान और लोगों को सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पादों से दूर रखने के उपायों पर जानकारी दी गई। खास तौर पर नाबालिगों तक तंबाकू उत्पादों की पहुंच और उपलब्धता कम करने के उपायों पर चर्चा हुई, ताकि कम उम्र में तंबाकू सेवन की शुरुआत को रोका जा सके।
वाइटल स्ट्रैटजीज की विशेषज्ञों ने तंबाकू नियंत्रण कानून को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न विभागों और संस्थाओं की संयुक्त भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
तंबाकू मुक्त गांव और संस्थान बनाने की तैयारी
कार्यशाला में तंबाकू मुक्त समुदाय, तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान और तंबाकू मुक्त गांव बनाने की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा की गई। जिला स्तर पर MIS की प्रगति और उसके अपडेट की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को COTPA के प्रावधानों के प्रभावी पालन और मैदानी स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने से संबंधित जानकारी दी गई।
जनजागरूकता के साथ सख्ती से लागू होगा कानून
अपर संचालक इंद्रजीत बर्मन ने राज्य में तंबाकू के उपयोग को कम करने के लिए जागरूकता गतिविधियों के साथ वैधानिक प्रावधानों को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में जिला नोडल अधिकारी (NTCP), जिला सलाहकार, सामाजिक कार्यकर्ता, दंत शल्य चिकित्सक, दंत चिकित्सक, खाद्य एवं औषधि विभाग के प्रतिनिधि और जिला NGO सहयोगियों ने हिस्सा लिया।
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य कानून के सख्त पालन, विभागीय समन्वय और जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है।




