
नारायणपुर,11 अगस्त 2026
जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। धौड़ाई क्षेत्र में गश्त के दौरान वन अमले ने तीन संदिग्धों को दो मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से तेंदुए की खाल बरामद हुई।
वन विभाग के मुताबिक, जब्त तेंदुए की खाल की लंबाई करीब 184 सेंटीमीटर है। मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनूराम कचलाम, पुनीत कुमार बघेल और जमधर पोटाई के रूप में हुई है।
वन अमले ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन विभाग की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि तेंदुए की खाल कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा वन्यजीव तस्करी नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।
वन विभाग की इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संदेश गया है।




