छत्तीसगढ़जगदलपुर

झीरम कांड: 13 साल पुराने नक्सली हमले में आज अंतिम बहस, जगदलपुर कोर्ट में होगी सुनवाई

जगदलपुर,10 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित दरभा-झीरम घाटी नक्सली हमले से जुड़े मामले की न्यायिक सुनवाई अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 10 अगस्त को दोपहर 3 बजे से अंतिम बहस होगी। अभियोजन और बचाव पक्ष न्यायालय के समक्ष अपने-अपने अंतिम तर्क रखेंगे।

इस मामले में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ अभियोजन चल रहा है, जिनमें से एक आरोपी की मृत्यु हो चुकी है। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं और अब तक 101 गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर मामला अंतिम बहस के चरण में पहुंचा है।

अंतिम बहस के दौरान दोनों पक्ष गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर अपने अंतिम तर्क पेश करेंगे। बहस पूरी होने के बाद अदालत फैसला सुरक्षित रख सकती है या निर्णय सुनाने की तारीख घोषित कर सकती है। शासन की ओर से इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश पाणिग्रही पैरवी कर रहे हैं।

25 मई 2013 को झीरम घाटी में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के काफिले पर नक्सलियों ने हमला किया था। इस हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित कई नेताओं, सुरक्षा जवानों और आम नागरिकों की मौत हुई थी। घटना के करीब 13 साल बाद मामला अंतिम बहस तक पहुंचा है।

अब पीड़ित परिवारों और प्रदेशवासियों की नजर अदालत की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। अंतिम बहस के बाद न्यायालय उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का मूल्यांकन करते हुए मामले में आगे की प्रक्रिया तय करेगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar