
SI भर्ती परीक्षा परिणाम पर कांग्रेस के आरोपों को बताया भ्रामक और तथ्यहीन, कहा—आयोग के स्पष्टीकरण के बाद भी दुष्प्रचार दुर्भाग्यपूर्ण
जगदलपुर 0 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा परिणाम को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगीपाल मंडल के उपाध्यक्ष आदर्श ठाकुर ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक, तथ्यहीन और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि बिना तथ्यात्मक आधार के सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाकर प्रदेश के युवाओं और एक संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करने का प्रयास किया जा रहा है।
आदर्श ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के नामों को लेकर सोशल मीडिया पर जिस तरह का प्रचार किया जा रहा है, उस संबंध में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग पहले ही आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर चुका है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे दावे भ्रामक हैं। परीक्षा परिणाम में प्रदर्शित नाम वही हैं, जिन्हें संबंधित अभ्यर्थियों ने अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में स्वयं दर्ज कर अंतिम रूप से सत्यापित किया था।
उन्होंने कहा कि इन्हीं नामों के आधार पर दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षण और प्रवेश पत्र जारी करने सहित चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरण पूरे किए गए। आदर्श ठाकुर का दावा है कि चयनित अभ्यर्थियों के स्वयं सामने आने के बाद कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता भी स्पष्ट हो गई है।
उन्होंने कहा कि आयोग की ओर से तथ्य स्पष्ट किए जाने के बावजूद कांग्रेस द्वारा लगातार आरोप लगाए जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे युवाओं में भ्रम की स्थिति पैदा होती है और संवैधानिक संस्थाओं की साख प्रभावित होती है। आदर्श ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं से नैतिक आधार पर अभ्यर्थियों से माफी मांगने की मांग की।
कांग्रेस के शासनकाल पर भी उठाए सवाल
आदर्श ठाकुर ने कांग्रेस के पूर्व शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान राज्य सेवा परीक्षा की भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे और मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंची थी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े ऐसे मामलों पर कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल का जवाब देना चाहिए और अब तथ्यों को तोड़-मरोड़कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन के दम पर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियों पर बिना प्रमाण सवाल खड़े करना युवाओं के मनोबल को कमजोर करने जैसा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगा।
आदर्श ठाकुर ने कांग्रेस से अपील की कि वह बेबुनियाद आरोपों और सोशल मीडिया के दुष्प्रचार के जरिए प्रदेश के युवाओं को भ्रमित करने से बचे। उन्होंने कहा कि यदि किसी भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल हैं, तो उन्हें तथ्यों और प्रमाणों के साथ सामने रखा जाना चाहिए। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से अलग, युवाओं के भविष्य और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।




