छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

एक हाथ से 10 साल की सेवा, विदाई से पहले दिव्यांग भृत्य ने बच्चों को कराया स्नेहभोज

बस्तर,6 अगस्त 2026

शासकीय उच्च प्राथमिक शाला भूरसुंडी में एक दिव्यांग भृत्य ने अपनी विदाई को बच्चों के लिए यादगार बना दिया। एक हाथ से दिव्यांग होने के बावजूद करीब 10 वर्षों तक निष्ठापूर्वक सेवा देने वाले पीलू राम नाग ने अपने स्थानांतरण से पहले निजी खर्च पर विद्यार्थियों के लिए स्नेहभोज (न्योता भोज) का आयोजन कराया।

स्नेहभोज में बच्चों को राहर की दाल, छोले, आलू की सब्जी और जलेबी परोसी गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भोजन किया और अपने प्रिय भृत्य को भावुक माहौल में विदाई दी।

अपने मूल पदस्थापना स्थल माध्यमिक शाला फरसापारा स्थानांतरित होने से पहले पीलू राम नाग ने कहा कि भूरसुंडी के बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों का स्नेह उनके लिए परिवार जैसा रहा है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय से जुड़ी यादें उनके जीवनभर साथ रहेंगी।

कार्यक्रम में उच्च प्राथमिक शाला भूरसुंडी के 65 में से 62 तथा प्राथमिक शाला महुगुडा के 30 में से 28 विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था प्रभारी शैलेन्द्र कुमार तिवारी, रश्मि नेताम, हेमलता कश्यप, लोकेश रावटे, चमरू राम बघेल, सतीश श्रीवास्तव, पडरू राम कश्यप, सुलोचना यादव, खुजीबाई, अर्जुन सिंह बघेल, देवकी कश्यप, अमरिला कश्यप और जोगेन्द्र कश्यप सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

विद्यालय परिवार ने पीलू राम नाग की सेवा भावना, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय लगाव की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। यह विदाई समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक दिव्यांग कर्मचारी और बच्चों के बीच वर्षों से बने स्नेह, विश्वास और अपनत्व की भावुक मिसाल बन गया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar