
जगदलपुर,31 जुलाई 2026
तेलीमारेंगा के प्रगतिशील किसान महादेव मौर्य ने आधुनिक राइस ट्रांसप्लांटर (धान रोपाई मशीन) का उपयोग कर खेती-किसानी में नई मिसाल पेश की है। आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से उन्होंने पारंपरिक खेती को अधिक किफायती, सुविधाजनक और समयबद्ध बनाया है।
महादेव मौर्य के पास 8 एकड़ पैतृक कृषि भूमि है और उन्होंने 8 एकड़ भूमि लीज पर लेकर इस सीजन में कुल 16 एकड़ में धान की खेती की है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में मजदूरों की कमी बड़ी चुनौती होती है, लेकिन धान रोपाई मशीन के उपयोग से अब केवल दो से तीन लोगों की मदद से रोपाई का कार्य आसानी से पूरा हो जाता है।
उन्होंने बताया कि पहले हाथ से धान रोपाई कराने पर प्रति एकड़ लगभग 7 से 8 हजार रुपये तक का खर्च आता था, जबकि राइस ट्रांसप्लांटर के उपयोग से यह खर्च घटकर 2 से 2.5 हजार रुपये प्रति एकड़ रह गया है। इससे किसानों की लागत में उल्लेखनीय कमी आई है।
महादेव मौर्य ने बताया कि मशीन की कुल कीमत 9 लाख रुपये थी, जिस पर उन्हें शासन की योजना के तहत 4 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। इसके बाद उन्हें यह आधुनिक मशीन 5 लाख रुपये में उपलब्ध हुई, जिससे मशीन खरीदना उनके लिए काफी आसान हो गया।
उन्होंने कहा कि मशीन से रोपाई करने पर पौधों के बीच समान दूरी बनी रहती है, जिससे फसल का बेहतर विकास होता है और उत्पादन बढ़ने की संभावना रहती है। उनके इस सफल प्रयोग को देखकर आसपास के कई किसान भी आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
महादेव मौर्य का मानना है कि आधुनिक कृषि मशीनरी का उपयोग खेती को अधिक लाभकारी बनाने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।




