
बीजापुर, 26 जुलाई 2026
प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप रविवार को बीजापुर जिले के ग्राम जैगुर, दरबा (विकासखंड भैरमगढ़) में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया।
इस अवसर पर केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ का प्रत्येक संस्करण राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव के लिए देशवासियों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि इस बार के संबोधन में कारगिल विजय दिवस के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और युवाओं में देशसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, खेल, विज्ञान और जनभागीदारी से जुड़े प्रेरक प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाकर व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया, जो प्रकृति और मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और जनभागीदारी आधारित प्रयासों का भी उल्लेख किया, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। यह सम्मान प्रदेशवासियों की संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास, वन संरक्षण, ग्रामीण विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं छत्तीसगढ़ बॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश गागड़ा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




