नगर निगम मुख्यालय के सामने 14 दुकानें सील, लाइसेंस फीस नहीं चुकाने पर बड़ी कार्रवाई

रायपुर,21 जुलाई 2026
रायपुर नगर निगम ने बकाया वसूली अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्यालय के सामने स्थित उद्यान परिसर में संचालित 14 दुकानों को सील कर दिया। यह कार्रवाई उन दुकानदारों के खिलाफ की गई, जिन्होंने लंबे समय से लाइसेंस फीस का बकाया भुगतान नहीं किया था।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के उद्यान विभाग ने पूर्व में संबंधित दुकानदारों को कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा तक शुल्क जमा नहीं किया गया। इसके बाद निगम प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दुकानों को सीलबंद कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम की संपत्तियों का उपयोग करने वाले सभी लाइसेंसधारियों के लिए समय पर लाइसेंस फीस जमा करना अनिवार्य है। लगातार चेतावनी और नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले दुकानदारों पर यह कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया राशि जमा करने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही संबंधित दुकानों की सील खोली जाएगी। निगम प्रशासन ने यह भी कहा कि शहर में बकाया लाइसेंस फीस, किराया और अन्य राजस्व की वसूली के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने सभी दुकानदारों और लाइसेंसधारियों से अपील की है कि वे समय पर अपनी लाइसेंस फीस और अन्य देय राशि जमा करें, ताकि इस प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।




