छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

10 दिन में सड़क नहीं सुधरी तो चक्का जाम: भानपुरी-चमिया मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस का PWD को अल्टीमेटम

जगदलपुर, 09 जुलाई 2026

भानपुरी से चमिया मार्ग की जर्जर और बदहाल स्थिति को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ तो आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धनुर्जय नेताम और जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष निलय कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर बस्तर संभाग क्रमांक-2, जगदलपुर के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि भानपुरी से चमिया तक का मार्ग लंबे समय से पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क से डामर लगभग खत्म हो गया है और जगह-जगह बड़े एवं गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और भी खतरनाक हो गई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खराब सड़क के कारण इस मार्ग पर आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिससे कई लोग घायल हो चुके हैं। वहीं स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में विभाग की उदासीनता को लेकर लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ज्ञापन में लोक निर्माण विभाग से मांग की गई है कि सड़क का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर आगामी 10 दिनों के भीतर मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। कांग्रेस का कहना है कि यह क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क पर वास्तविक कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर उग्र प्रदर्शन, चक्का जाम और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और संबंधित प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष जितेंद्र जैन, आदिवासी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बबलू बघेल, महामंत्री जीवन सेठिया, वीरेंद्र पांडेय, त्रिलोक कश्यप सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar