छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

खंड शिक्षा अधिकारी ने करमरी संकुल के 7 स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

जगदलपुर/ बस्तर, 7 जुलाई 2026

बस्तर विकासखंड के संकुल करमरी अंतर्गत संचालित 5 प्राथमिक, 1 मिडिल और 1 हायर सेकेंडरी स्कूल का खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

बीईओ ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पढ़ाई के संबंध में चर्चा की तथा शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र उपस्थिति पंजी, पाठ्यक्रम की प्रगति और शिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, मेन्यू के अनुसार भोजन की उपलब्धता, रसोइयों की साफ-सफाई तथा बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की भी जांच की गई। बीईओ ने विद्यार्थियों से भोजन के स्वाद और गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली।

भारती देवांगन ने शिक्षकों को नियमित रूप से समय पर विद्यालय पहुंचने तथा गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।

उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति को विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन, पेयजल व्यवस्था तथा पोषणयुक्त मध्यान्ह भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान संकुल समन्वयक, प्रधानपाठक, संकुल प्राचार्य सुनीता सिंह सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar