छत्तीसगढ़

वर्षाकाल में 85 परिवारों के आशियाने उजाड़ने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, भानपुरी में मुख्यमंत्री का पुतला दहन

जगदलपुर , 6 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर भानपुरी के मुख्य चौक में पूर्व विधायक चंदन कश्यप और ब्लॉक अध्यक्ष धनुर्जय नेताम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्राम नकटी के 85 परिवारों के आशियाने उजाड़े जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने कहा कि भीषण वर्षाकाल में गरीब परिवारों के घर तोड़कर उन्हें बेघर करना भाजपा सरकार की अमानवीय और जनविरोधी नीति का परिचायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार लोगों को आवास उपलब्ध नहीं करा सकती, उसे गरीबों का आशियाना उजाड़ने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

ब्लॉक अध्यक्ष धनुर्जय नेताम ने कहा कि इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस विधायकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय और पुनर्वास नहीं मिलेगा, तब तक वे स्वयं विधायक आवास स्वीकार नहीं करेंगे। उनका कहना था कि “गरीबों का आशियाना उजाड़कर वे अपना आशियाना नहीं बनाएंगे।”

कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों के लिए पुनर्वास और उचित मुआवजे की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में जीतेन्द्र जैन, निलय कश्यप, धर्मा पाढ़ी, जीवन सेठिया, बबलू बघेल, देवेंद्र कोर्राम, सुखराम पोयाम, श्यामसुंदर पाण्डेय, अभिषेक बाजपेई, वरुण सेठिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar