गरियाबंद में दर्दनाक हादसा: बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत

गरियाबंद, 5 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा में एक हृदयविदारक हादसे में बारिश के पानी से भरे गहरे घुरवा गड्ढे में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू बारिश थमने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे घर के पास स्थित गहरे गड्ढे के समीप पहुंच गए। आशंका है कि पैर फिसलने से दोनों पानी में गिर गए और डूब गए।
जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में खुले और गहरे गड्ढों की घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग उठाई गई है।




