छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, जगदलपुर में 15 दिवसीय ‘पशु सखी’ प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

जगदलपुर, 2 जुलाई 2026। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), जगदलपुर द्वारा आयोजित 15 दिवसीय ‘पशु सखी’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण 18 जून से जिला पंचायत, पशु चिकित्सा विभाग और आरसेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।

प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को पशुपालन, पशुधन प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य देखभाल और आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान देकर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा व्यवहारिक और तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।

समापन समारोह में आरसेटी के निदेशक किरण कुमार लुगुन, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ एवं प्रशिक्षक शेफाली मेश्राम, नन्दकिशोर माझी, संकाय सदस्य रूमा रॉय और शैलेन्द्र बघेल उपस्थित रहे। सभी प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित पशु सखी दीदियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं के लिए आय के नए अवसर भी सृजित करेगा।

इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक किरण कुमार लुगुन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की और अधिक से अधिक युवाओं एवं महिलाओं से इनका लाभ उठाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar