छत्तीसगढ़जगदलपुर

21 साल बाद फिर गूंजी स्कूल की घंटी: बस्तर के पीडिया में लौटीं बच्चों की किलकारियां, 539 विद्यार्थियों के लिए खुली शिक्षा की नई राह

बस्तर, 1 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में विकास और सुशासन की दिशा में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसका सबसे प्रेरक उदाहरण बीजापुर जिले के पीडिया क्षेत्र में देखने को मिला है, जहां 21 वर्षों से बंद पड़े 11 स्कूलों का दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया है। इस पहल से 11 गांवों के 539 बच्चों को अब अपने ही गांव में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

यह बदलाव केवल स्कूलों के दोबारा खुलने तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वास की वापसी, विकास की नई शुरुआत और शिक्षा की नई उम्मीद का प्रतीक बन गया है। जिन गांवों में कभी भय और सन्नाटा था, वहां अब बच्चों की आवाज और स्कूल की घंटी फिर से गूंजने लगी है।

प्रवेशोत्सव में बच्चों का हुआ भव्य स्वागत

पीडिया में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान शिक्षादूतों को रजिस्टर और शिक्षण सामग्री वितरित की गई। वहीं नवप्रवेशी बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, पेन और स्लेट देकर विद्यालय में प्रवेश कराया गया।

बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और शुभकामनाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और अभिभावकों ने भाग लिया।

11 गांवों में फिर लौटी पढ़ाई

माओवादी हिंसा के कारण वर्षों पहले बंद हुए पीडिया, पेदापाल, छोटेगोटोडी, कुएम, मदपाल, अंडरी, इडेनार, डोंडीतुमनार, मिरगानघोटूल, गमपुर और तमोड़ी गांवों के स्कूल अब फिर से संचालित होने लगे हैं। इससे बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने गांव में ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध होगी।

इस साल 37 बंद स्कूलों का हुआ पुनः संचालन

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने बताया कि जिला प्रशासन के विशेष अभियान के तहत इस वर्ष अब तक 20 प्राथमिक और 17 उच्च प्राथमिक विद्यालय, यानी कुल 37 बंद स्कूलों का पुनः संचालन शुरू किया जा चुका है। इन विद्यालयों में भवन, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।

हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता

कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि जिले के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिन क्षेत्रों में अब शांति और सामान्य स्थिति स्थापित हो चुकी है, वहां चरणबद्ध तरीके से बंद स्कूलों को फिर से खोला जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे

बदलते बस्तर की नई तस्वीर

पीडिया में 21 साल बाद स्कूलों का फिर से खुलना बदलते बस्तर की नई पहचान बनकर सामने आया है। जिन गांवों में कभी भय का माहौल था, वहां आज बच्चों की मुस्कान, पाठशालाओं की चहल-पहल और शिक्षा का उजाला दिखाई दे रहा है। यह सफलता बताती है कि सरकार के सतत प्रयासों से बस्तर अब शिक्षा, विकास और उज्ज्वल भविष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar