भारत-इंग्लैंड पहले टी20 पर बारिश का साया, चेस्टर-ले-स्ट्रीट में मौसम बिगाड़ सकता है खेल

स्पोर्ट्स डेस्क, 1 जुलाई 2026
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा। हालांकि मैच से पहले मौसम दोनों टीमों और क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मुकाबले के दौरान बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे खेल कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकता है।
भारतीय टीम आयरलैंड दौरे के निराशाजनक प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए इस सीरीज में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। वहीं मेजबान इंग्लैंड अपनी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर शुरुआती बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगा। हाल के वर्षों में टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम के सामने इंग्लैंड की चुनौती आसान नहीं मानी जा रही है।
इस मुकाबले का एक बड़ा आकर्षण वैभव सूर्यवंशी का संभावित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू भी माना जा रहा है। युवा खिलाड़ी को मौका मिलता है या नहीं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
कैसा रहेगा चेस्टर-ले-स्ट्रीट का मौसम?
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को चेस्टर-ले-स्ट्रीट में अधिकतर समय बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है। तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के कारण खेल कुछ समय के लिए रुक सकता है, लेकिन पूरा मैच होने की संभावना अधिक है।
इंग्लैंड ने घोषित की प्लेइंग इलेवन
इंग्लैंड ने मुकाबले से एक दिन पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है। टीम में सबसे बड़ा बदलाव तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का शामिल नहीं होना है।
इंग्लैंड की प्लेइंग XI: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद और ल्यूक वुड।
भारत की संभावित प्लेइंग XI
भारतीय टीम की संभावित एकादश में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वरुण चक्रवर्ती शामिल हो सकते हैं।
दो मजबूत टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला रोमांचक रहने की उम्मीद है, हालांकि सभी की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि बारिश मैच का कितना असर डालती है।




