छत्तीसगढ़

आदिवासी समाज को मिली नई पहचान: मंत्री केदार कश्यप ने किया सामाजिक भवन का लोकार्पण, प्रतिभाओं का किया सम्मान

रायपुर, 30 जून 2026

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज रायपुर के महादेव घाट में आयोजित छत्तीसगढ़ कंडरा आदिवासी समाज के सामाजिक भवन लोकार्पण, सम्मान समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया तथा शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं समाज के होनहार लोगों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शिक्षा, संगठन और संस्कार किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज के युवा शिक्षा, प्रशासन, तकनीक, व्यवसाय, खेल और जनप्रतिनिधित्व जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो नए और विकसित होते छत्तीसगढ़ की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करता है।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के आदिवासी युवा आज डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी और जनप्रतिनिधि बनकर समाज के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। यह बदलाव शिक्षा और समाज की एकजुटता का परिणाम है।

मंत्री ने कहा कि सामाजिक भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संवाद, संस्कार और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सांस्कृतिक गतिविधियों और समाज के विकास से जुड़े कार्यक्रमों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति, छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालय, कौशल विकास, वनाधिकार, स्वरोजगार, लघु वनोपज का बेहतर मूल्य तथा महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण जैसी योजनाओं से आदिवासी समाज को मजबूत आधार मिल रहा है।

मंत्री केदार कश्यप ने समाज के वरिष्ठजनों से अपनी परंपराओं, संस्कृति और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आग्रह किया। साथ ही युवाओं से उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, डिजिटल तकनीक और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सामाजिक भवन के निर्माण के लिए समाज को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि संगठित समाज, शिक्षित युवा और सशक्त नेतृत्व के बल पर छत्तीसगढ़ कंडरा आदिवासी समाज विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आदिवासी परंपरा औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार साय, कंडरा आदिवासी समाज के अध्यक्ष वीरेंद्र कुंजाम सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar