गोवंश वध करते 12 लोग दबोचे गए: पुलिस ने मांस, कुल्हाड़ी और धारदार छुरियां कीं जब्त

नारायणपुर, 30 जून 2026। जिले के बेनूर थाना क्षेत्र में गोवंश वध के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में गोवंश का मांस, पका हुआ मांस और वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 27 जून को सूचना मिली थी कि ग्राम मालिंगनार के पटेलपारा में कुछ लोग गोवंश का वध कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बेनूर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 12 लोगों को कथित रूप से गोवंश काटते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोवंश का मांस, पका हुआ मांस, चार पैर, पूंछ के टुकड़े, खाल, एक कुल्हाड़ी और दो धारदार छुरियां जब्त कीं। बरामद सामग्री को साक्ष्य के रूप में जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




