छत्तीसगढ़

बड़ी खबर: महतारी वंदन योजना में फिर से जुड़ेंगे नाम, एक सप्ताह के भीतर खुलेगा पोर्टल

रायपुर, 25 जून 2026

महतारी वंदन योजना से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। योजना का लाभ लेने से अब तक वंचित पात्र विवाहित महिलाओं के लिए सरकार जल्द ही पोर्टल दोबारा खोलने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री की अनुमति मिल चुकी है और अगले एक सप्ताह के भीतर पोर्टल शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

मंत्री राजवाड़े ने बताया कि पोर्टल खोलने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। सबसे पहले बस्तर संभाग के जिलों में आवेदन और पंजीयन की सुविधा शुरू होगी। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी पोर्टल खोला जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उन पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सकी हैं या जिनका नाम योजना में शामिल नहीं हो पाया है। पोर्टल खुलने से बड़ी संख्या में महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और परिवार में उनकी भागीदारी को मजबूत बनाना है।

पोर्टल शुरू होने के बाद पात्र महिलाएं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया को लेकर संबंधित विभाग की ओर से जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। सरकार योजना का दायरा बढ़ाकर अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इसका लाभ पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar