
जगदलपुर, 24 जून 2026
जिला खनिज संस्थान न्यास निधि (डीएमएफटी) शासी परिषद की समीक्षा बैठक बुधवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान डीएमएफटी मद से स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा नए नियमों के तहत आगामी पांच वर्षों के लिए प्रस्तावित कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में विभिन्न निर्माण एवं क्रियान्वयन एजेंसियों द्वारा स्वीकृत, पूर्ण और अपूर्ण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही डीएमएफटी मद के अंतर्गत निर्धारित 8 प्रमुख सेक्टरों में प्रस्तावित योजनाओं और विकास कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि डीएमएफटी निधि का उपयोग प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में किया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के भवन निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण तथा पिछले वर्ष के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वहीं चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि ऑयल पाम उत्पादन करने वाले किसानों को उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का बेहतर लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने पूर्व वर्षों में स्वीकृत विकास कार्यों के निर्माण में तेजी लाने की आवश्यकता भी बताई।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने डीएमएफटी मद से स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से देवगुड़ी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, डीएमएफटी के नोडल अधिकारी ऋषिकेश तिवारी सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डीएमएफटी से संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।




