छत्तीसगढ़जगदलपुर

हाटकचोरा में योग शिविर आयोजित: महापौर संजय पांडे बोले- स्वस्थ जीवन के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं

जगदलपुर, 20 जून 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा हाटकचोरा में एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर संजय पांडे रहे। उनके साथ पार्षद राकेश मौर्य, पार्षद सुशीला बघेल, वरिष्ठ नागरिक एप्पल नायडू तथा महिला पतंजलि योग समिति छत्तीसगढ़ की राज्य कार्यकारिणी सदस्य मान कोर्राम विशेष रूप से उपस्थित थीं। अतिथियों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

अपने संबोधन में महापौर संजय पांडे ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक शाला हल्बाकोट के प्रधान अध्यापक प्रमोद पांडे, शिक्षिका शाहिना बेगम तथा हर्षलता भास्कर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला पतंजलि योग समिति, जगदलपुर की सदस्याओं ने भी योगाभ्यास में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी बी.एस. ध्रुव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शशांक श्रीधर शेन्डे ने किया।

योग शिविर में करीब 100 महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने और योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar