कांकेरछत्तीसगढ़

कांकेर में अवैध रेत उत्खनन पर भड़कीं विधायक सावित्री मंडावी, देर रात तक खदान में दिया धरना

कांकेर, 30 मई 2026

जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में जारी अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार देर रात विधायक अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ बेलवापानी रेत खदान में धरने पर बैठ गईं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार, बेलवापानी रेत खदान में निर्धारित क्षेत्र के अलावा अन्य स्थानों से भी मशीनों के जरिए अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी। आरोप है कि खनन कार्य में भारी मशीनों का उपयोग कर पर्यावरणीय मानकों और शासन के नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है।

लगातार शिकायतों के बाद विधायक सावित्री मंडावी स्वयं खदान पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मौके पर करीब 14 वाहन और एक चेन माउंटेन मशीन मौजूद थी। कार्रवाई की मांग के बावजूद प्रशासन के देर से पहुंचने पर उन्होंने नाराजगी जताई। विधायक शाम करीब 7 बजे खदान पहुंची थीं, जबकि प्रशासनिक टीम रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंची और चेन माउंटेन मशीन को सील कर कार्रवाई की।

विधायक मंडावी ने कहा कि लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से भविष्य में रेत संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने मांग की कि खनन कार्य पूरी तरह नियमों के अनुसार हो और स्थानीय ट्रैक्टर एवं वाहन मालिकों को रोजगार का अवसर मिले।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध उत्खनन में कहीं न कहीं शासन और प्रशासन के कुछ लोगों की मिलीभगत हो सकती है, जिसके कारण कार्रवाई में देरी हुई। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ थाना घेराव किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar