कांकेरछत्तीसगढ़

CG News : करोड़ों की अधूरी सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन

कांकेर, 28 मई 2026

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में करोड़ों रुपये की लागत से बन रही सड़क ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। नगर के घड़ी चौक से ग्राम पंडरी पानी तक बन रही सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे नाराज ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन व ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के मुताबिक, करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य वर्ष 2024-25 से जारी है, लेकिन अब तक सड़क पूरी नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) और ठेकेदार की लापरवाही के कारण काम लगातार धीमा चल रहा है। अधूरी सड़क की वजह से लोगों को रोजाना धूल, कीचड़ और हादसों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार मंत्री और जिला प्रशासन को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। सड़क अधूरी होने से गांव के लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और खराब होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही PWD विभाग के अधिकारी और ठेकेदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। हालांकि लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि डामर (Asphalt) की कमी के कारण सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया। विभाग का कहना है कि सामग्री उपलब्ध होते ही जल्द निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

अब बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों की लागत से बन रही यह सड़क आखिर कब तक पूरी होगी और ग्रामीणों को राहत कब मिलेगी। फिलहाल ग्रामीणों का आक्रोश प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar