शिवनंदनपुर चुनाव में दीपक बैज की एंट्री से बदला माहौल: कांग्रेस के दिग्गज जुटे, भाजपा की बढ़ी टेंशन

डमरु कश्यप
जगदलपुर, 27 मई 2026
शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव अब प्रदेश की हाई प्रोफाइल राजनीतिक लड़ाई बन चुका है। चार दिन पहले तक जिस नगर पंचायत का नाम प्रदेश की राजनीति में चर्चा में नहीं था, वहां अब कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेताओं का जमावड़ा लग गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की सक्रिय एंट्री मानी जा रही है।
नगर पंचायत चुनाव को भाजपा शुरुआत में हल्के में ले रही थी, लेकिन कांग्रेस के आक्रामक रुख और दीपक बैज की सक्रियता ने मुकाबले को पूरी तरह बदल दिया। विश्रामपुर में कांग्रेस नेता पर दर्ज एफआईआर के विरोध में बैज ने जिस तरह मोर्चा संभाला, उससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरगुजा और सूरजपुर में संगठन कमजोर स्थिति में पहुंच गया था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। दीपक बैज लगातार कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच पहुंचकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।
विश्रामपुर में आयोजित सभा के दौरान उन्होंने प्रशासन और सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक द्वेष के तहत किसी को भी फंसाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनकी आमरण अनशन की घोषणा ने चुनावी माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है।
इधर कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं ने भी चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और प्रेमसाय टेकाम समेत कई वरिष्ठ नेता शिवनंदनपुर चुनाव में कांग्रेस के समर्थन में सक्रिय हो गए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की एकजुटता ने चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है। वहीं भाजपा भी अब इस चुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई मानकर रणनीति बनाने में जुट गई है।




