“बाबा दिल्ली संभालें, छत्तीसगढ़ युवा देख लेंगे”: सिंहदेव के बयान पर दीपक बैज का सधा पलटवार

डमरू कश्यप
जगदलपुर, 24 मई 2026
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo के हालिया बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने सम्मानजनक लेकिन सियासी मायनों में अहम प्रतिक्रिया दी है। बैज ने कहा कि बाबा अनुभवी और वरिष्ठ नेता हैं, जिन्होंने पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों को गंभीरता और सफलता के साथ निभाया है, इसलिए अब उन्हें दिल्ली की राजनीति संभालनी चाहिए।
दरअसल, टीएस सिंहदेव के हालिया बयानों के बाद कांग्रेस के भीतर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के भीतर यह माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में नेतृत्व और रणनीति को लेकर अंदरूनी खींचतान फिर सतह पर आने लगी है।
दीपक बैज ने रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि सिंहदेव को पार्टी नेतृत्व ने तमिलनाडु और पांडुचेरी जैसे राज्यों की जिम्मेदारी दी थी, जहां उन्होंने बेहतर काम किया। उन्होंने कहा कि बाबा का अनुभव पार्टी के लिए उपयोगी है और उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
राजनीतिक हलकों में बैज के इस बयान को युवा नेतृत्व बनाम पुराने नेतृत्व की बहस से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस के भीतर यह भी चर्चा है कि 2028 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को युवा चेहरों के जरिए मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।
टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल सरकार के दौरान भी कई बार बयानबाजी और नेतृत्व को लेकर मतभेद सामने आए थे। अब एक बार फिर सिंहदेव के बयान के बाद कांग्रेस में अंदरूनी सियासत गरमा गई है। वहीं बैज ने संयमित प्रतिक्रिया देते हुए सीधे टकराव से बचने की कोशिश की है।




