
कांकेर, 24 मई 2026। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर-नारायणपुर सीमा पर संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने दो अलग-अलग नक्सली डंप बरामद किए हैं। कार्रवाई में 12 बोर रायफल, BGL लांचर, 1000 डेटोनेटर, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली वर्दी जब्त की गई है।
यह अभियान पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया। सुरक्षा बलों ने कोयलीबेड़ा और छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाकों में सघन तलाशी अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नक्सली सामान को बरामद किया।


जंगल में छिपा मिला नक्सली डंप
जानकारी के मुताबिक, कांकेर-नारायणपुर सीमा के ग्राम पल्लाहूर और जपमरका के बीच जंगल क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को जमीन के नीचे छिपाया गया नक्सली डंप मिला।
बरामद सामग्री में —
- 1 कंट्रीमेड BGL लांचर
- 25 BGL सेल
- 4 इम्प्रोवाइज्ड फायर कार्टिज
- AK-47 का खाली कार्टिज
- 5 किलो गन पाउडर
- 10 बड़े सुतली बम
- 3 नक्सली वर्दी
- 1 सोलर चार्जर
- 50 फीट वायर
- मेडिकल किट और दैनिक उपयोग का सामान शामिल है।
1000 डेटोनेटर बरामद
वहीं छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर के जंगलों में शनिवार को चलाए गए अभियान में भी बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए।
इस कार्रवाई का नेतृत्व डीआरजी कांकेर के उप निरीक्षक विजय कुलदीप, डीआरजी नारायणपुर के सहायक उपनिरीक्षक नरेन्द्र ठाकुर और बीएसएफ-बीडीएस टीम के कमांडर रोहिताश ने किया।
इस दौरान जवानों ने —
- 12 बोर रायफल – 3 नग
- BGL लांचर – 1 नग
- BGL सेल – 6 नग
- बारूद – 100 ग्राम
- नक्सली वर्दी – 1 नग
- इलेक्ट्रिक डेटोनेटर – 800 नग
- नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर – 200 नग बरामद किए।
लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। सुरक्षा बलों की सतत कार्रवाई से नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।




