
बस्तर , 21/05/26। सीताराम मानस संगठन छत्तीसगढ़ प्रदेश ने संगठन विस्तार के तहत बस्तर जिले की नई जिला अध्यक्ष के रूप में शकुन्तला कश्यप की नियुक्ति की है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
श्रीमती कश्यप वर्तमान में बस्तर जिला पंचायत की सदस्य हैं और लंबे समय से सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूत जनसंपर्क और सक्रियता को देखते हुए संगठन ने उन पर भरोसा जताते हुए यह दायित्व सौंपा है।
संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि शकुन्तला कश्यप के नेतृत्व में बस्तर जिले में संगठन का विस्तार तेजी से होगा तथा संगठन के सामाजिक और सांस्कृतिक उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में नई गति मिलेगी।
नियुक्ति के बाद शकुन्तला कश्यप ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की विचारधारा और रीति-नीति के अनुरूप पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगी तथा बस्तर में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी।




