
कोंडागांव , 19/05/26 । जिले की फरसगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तरप्रदेश से साइबर ठगी के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पिछले तीन महीनों से तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, फरसगांव निवासी शंकरलाल राणा से आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों और फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 29.69 लाख रुपये की ठगी की थी। मामले में थाना फरसगांव में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक Pankaj Chandra के निर्देशन और एसडीओपी Abhinav Upadhyay के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 10 दिनों तक दिल्ली में डेरा डालकर गिरोह का खुलासा किया।
बीमा लोकपाल अधिकारी बनकर करते थे ठगी
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य खुद को बीमा लोकपाल परिषद का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। आरोपी बीएसई स्टॉक एक्सचेंज में फंड या बीमा राशि फंसी होने का झांसा देकर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम जमा करवाते थे।
गरीबों के बैंक खातों का करते थे इस्तेमाल
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली के स्लम इलाकों में गरीब लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करते थे। आधार कार्ड में पता और मोबाइल नंबर बदलवाकर बैंक खाते संचालित किए जाते थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी कीपैड मोबाइल और फर्जी सिम कार्ड का उपयोग करते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का मुख्य आरोपी रजा हुसैन पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
- इसरार अहमद – संगम विहार, दिल्ली
- आकिल – बरेली (उत्तरप्रदेश), हाल निवासी संगम विहार दिल्ली
- शिवम गुप्ता – संगम विहार, दिल्ली
- नितिन कुमार त्यागी – गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश
- रजा हुसैन – नई दिल्ली
- तरुण कौशिक – रोहतास नगर, दिल्ली
- प्रदीप बघेल – गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी अभिनव उपाध्याय, निरीक्षक राजकुमार सोरी, उप निरीक्षक शशिभूषण पटेल सहित फरसगांव थाना और साइबर टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




