
उत्तर बस्तर कांकेर , 19/05/26 । जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माचपल्ली के जंगल-पहाड़ी में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ मामले की दण्डाधिकारी जांच के आदेश जारी किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी Nileshkumar Mahadev Kshirsagar ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम पखांजूर Manish Dev Sahu को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को कोयलीबेड़ा विकासखंड के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम माचपल्ली के जंगल-पहाड़ी में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान एक अज्ञात महिला माओवादी की मौत हो गई थी। पुलिस अधीक्षक की मांग और घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने दण्डाधिकारी जांच के आदेश दिए हैं।
जांच अधिकारी को 15 दिवस के भीतर 11 बिंदुओं पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में घटना की पृष्ठभूमि, सर्चिंग अभियान के आदेश, मुठभेड़ की परिस्थितियां, मृत महिला माओवादी की पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस एवं आम नागरिकों को हुई क्षति, जब्त सामग्री, ग्रामीणों के बयान, एफआईआर और पुलिस विवेचना सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा सके।




