बस्तर की विकास रेखा बनेगा NH-130D : मंत्री केदार कश्यप ने निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

नारायणपुर, 16 मई 2026। बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई गति देने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130-डी के निर्माण कार्य का आज वन मंत्री केदार कश्यप ने निरीक्षण किया। गढ़बेंगाल चौक से कोण्डागांव तक सड़क निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री कश्यप ने कहा कि NH-130D बस्तर क्षेत्र की विकास रेखा साबित होगा। यह मार्ग कोण्डागांव सहित आसपास के इलाकों को बेहतर यातायात सुविधा, व्यापारिक गतिविधियों और विकास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और तय समयसीमा में कार्य पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।
अधिकारियों ने मंत्री को सड़क निर्माण, पुल-पुलियों और अन्य अधोसंरचना कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान मंत्री कश्यप ने निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले अधिकतम कार्य पूरा किया जाए ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी के पूर्ण होने से बस्तर क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी।
उन्होंने कहा, “सुशासन की सरकार प्रदेश में मजबूत और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था विकसित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास और समृद्धि का आधार हैं।”




