दूरकाडोंगा पारा में पेयजल संकट गहराया : हैंडपंप की मांग लेकर PHE दफ्तर पहुंचे ग्रामीण और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता

जगदलपुर, 14 मई 2026
बस्तर जिले के ग्राम पंचायत छिंदगांव-2 के आश्रित मोहल्ला दूरकाडोंगा पारा में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द हैंडपंप खनन कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि जगबंधु बघेल के घर के पास रहने वाले करीब 20 परिवार लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। मोहल्ले में हैंडपंप की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर हो गई है।
युवा कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं आदिवासी नेता हेमंत कश्यप ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने मांग की कि दूरकाडोंगा पारा में शीघ्र नया हैंडपंप स्वीकृत कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के ईई हरि सिंह मरकाम ने ज्ञापन प्राप्त कर जल्द हैंडपंप खुदाई कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जयराम बघेल, लच्छी राम भारती, देवनाथ मौर्य, घासीराम बघेल, धनुर्जय बघेल, हेमलाल बघेल, श्रवण बघेल, रहमान बघेल, छोटू राम बघेल, सोहनलाल बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




